फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज बस स्टैंड पर मंगलवार को एक महिला चोरी का शिकार हो गई। बस में बच्चों को बैठाने के दौरान अज्ञात चोर उनका थैला लेकर फरार हो गया। थैले में सोने की अंगूठी, नकदी और कपड़े रखे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कायमगंज निवासी शोभा सक्सेना पत्नी जयप्रकाश सक्सेना मंगलवार को अपने मायके लिंजीगंज से वापस कायमगंज लौट रही थीं। वह दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली जाने वाली बस में अपने दोनों बच्चों 5 वर्षीय कृष्णा व 6 वर्षीय अर्पिता साथ सवार हुई थीं। पीड़िता के अनुसार, वह बच्चों को बस की सीट पर बैठाने में व्यस्त थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक भी बस में चढ़ा और मौका पाकर उनका थैला लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना सामान देखा तो थैला गायब था। थैले में एक सोने की अंगूठी, करीब एक हजार रुपये नकद तथा बच्चों व महिला के कपड़े रखे थे। घटना के बाद महिला ने रोडवेज चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने उनसे लिखित शिकायत मांगी और मामले की जांच शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक महिला चौकी में मौजूद थी तथा पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध की तलाश कर रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों के सामान चोरी होने की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। लोगों ने बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध की पहचान कर जल्द कार्रवाई किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
बस में महिला का थैला चोरी, सोने की अंगूठी व नकदी लेकर फरार हुआ चोर
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


