फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने का विरोध करने पर मोबाइल रिपेयरिंग दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कादरी गेट के बढ़पुर निवासी पंकज उर्फ दीपक कुमार ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वह देवरामपुर क्रॉसिंग के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। 22 मई की रात करीब 11 बजे वह ग्राहक का मोबाइल देने के बाद दुकान से वापस लौट रहा था। आरोप है कि दुकान के पास ही शंटी कठेरिया ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने अपने साथियों भूरा, अमन, अंकित, अजय और संतोष को बुला लिया। पीड़ित के अनुसार सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों, लाठियों और बेल्ट से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना में उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे विशाल, प्रदीप और अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पीड़ित ने घटना का वीडियो होने का भी दावा किया है|
पुलिस ने पंकज उर्फ दीपक कुमार की तहरीर पर शंटी कठेरिया, भूरा, अमन, अंकित, अजय और संतोष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विमल कुमार को सौंपी गई है।
शराब के लिए रुपये न देने पर मोबाइल दुकानदार से मारपीट, छह पर मुकदमा दर्ज
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



