डीआईजी, डीएम और एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, तीन मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

0
34

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में शनिवार को आयोजित तहसील सदर के सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा लगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप पुलिस महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने की, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्ष आरती सिंह भी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 84 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक 40 शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 18, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 4, चिकित्सा विभाग की 3, चकबंदी विभाग की 1, लोक निर्माण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त प्रकरणों में से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण को केवल औपचारिकता न समझा जाए, बल्कि तथ्यों के आधार पर स्थायी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक होने पर स्थलीय निरीक्षण एवं संयुक्त जांच कराकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई हो तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनविश्वास बनाए रखने के लिए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों की नियमित समीक्षा होगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]