फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति, लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों तथा प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग की राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य की तुलना में काफी कम पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आबकारी विभाग की राजस्व वसूली संतोषजनक पाई गई।
बैठक में मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज की मासिक राजस्व वसूली भी अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने और वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग और परिवहन विभाग की वसूली प्रगति को संतोषजनक बताया गया।
प्रवर्तन कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग तथा मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस पोर्टल के विभिन्न बिंदुओं की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई विभागों को नोटिस के निर्देश
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



