नामकरण संस्कार में हर्ष फायरिंग, टेंट संचालक के हाथ में लगी गोली

0
52

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटियापुर में नामकरण संस्कार के दौरान हुई हर्ष फायरिंग एक टेंट संचालक पर भारी पड़ गई। समारोह के बीच चली गोली उसके हाथ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पिथनापुर-कोटियापुर निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र गांव में आयोजित एक नामकरण संस्कार कार्यक्रम में टेंट का कार्य कर रहा था। गांव निवासी राममूर्ति के पुत्र के जन्म के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वीरेंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह कार्यक्रम स्थल पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान समारोह में मौजूद एक व्यक्ति ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। फायर होते ही गोली उसके हाथ में जा लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली। घायल को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, बाद में शनिवार सुबह उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हर्ष फायरिंग की इस घटना ने समारोह की खुशियों को चिंता में बदल दिया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]