फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ क्षेत्र में रोडवेज बस और कार की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला रोडवेज बस स्टॉप तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज होने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ मिलिट्री ग्राउंड के सामने अंबेडकर प्रतिमा और फतेहगढ़ चौराहे के बीच एक रोडवेज बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार को नुकसान पहुंचा। आरोप है कि टक्कर के बाद बस चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया, जिस पर कार सवार लोग बस का पीछा करते हुए फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टॉप तक पहुंच गए। वहां बस चालक बस को रोडवेज परिसर में खड़ी कर मौके से चला गया।
बस स्टॉप पर पहुंचने के बाद कार सवारों और रोडवेज कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हंगामे की सूचना मिलने पर कादरीगेट थाना पुलिस के उपनिरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और किसी तरह मामला शांत कराया।
बताया गया है कि कार चालक मैनपुरी जनपद के एक थाना क्षेत्र का निवासी है तथा जालौन जिले में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ फतेहगढ़ क्षेत्र में आया हुआ था। कार सवारों का आरोप है कि फतेहगढ़ चौराहे से पहले रोडवेज बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। काफी देर तक चले विवाद के बाद कार सवारों ने फतेहगढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की बात कही और अपनी कार लेकर वहां से रवाना हो गए। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी। उपनिरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए उन्हें फतेहगढ़ कोतवाली भेजा जाएगा। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस स्टॉप पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और घटना चर्चा का विषय बनी रही।
कार-रोडवेज बस की टक्कर के बाद बस स्टॉप पर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



