प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, खराब रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी

0
45

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, सहायता सामग्री और अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जननी सुरक्षा योजना की कमजोर रैंकिंग पर विशेष चिंता व्यक्त की और मुख्य चिकित्साधिकारी को अगले माह तक स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने संकिसा सीएचसी में बाउंड्रीवाल और चिकित्सक की तैनाती की मांग रखी, जबकि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने जल जीवन मिशन के तहत सड़कों के रेस्टोरेशन कार्य में देरी का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी को स्थलीय सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पर्यटन परियोजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच, औचक निरीक्षण और समयबद्ध पूर्णता पर जोर दिया। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग की कमियों को 30 जून तक दूर करने, पांचाल घाट द्वितीय चरण परियोजना का कार्य जुलाई से शुरू कराने तथा लोहिया अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बैंकों के निष्क्रिय खातों की केवाईसी कराकर लाभार्थियों तक धनराशि पहुंचाने और विधानसभा क्षेत्रवार विकास कार्यों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में बीजेपी जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा , विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य,जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]