फर्रुखाबाद:(मेरापुर संवाददाता)थाना क्षेत्र के ग्राम ढर्रा शादी नगर में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गहरे घाव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। गांव निवासी विनोद कुमार उर्फ शिवमोहन दीक्षित (55) पुत्र सोनेलाल दीक्षित शनिवार रात अपने खेत पर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह अपने घर की ओर पहुंचे, लेकिन दरवाजे पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई| घटना की जानकारी रविवार सुबह परिजनों को हुई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ममता, पुत्र मृदुल और पुत्री आरजू का रो-रोकर बुरा हाल है। विनोद कुमार खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मृतक के भाई हरिमोहन दीक्षित ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में विनोद कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का उल्लेख करते हुए पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए। परिजनों के अनुसार विनोद कुमार मूल रूप से कन्नौज जनपद के निवासी थे। उन्हें ननिहाल पक्ष से यहां जमीन मिली थी, जिसके बाद वह पिछले लगभग 35 वर्षों से ढर्रा शादी नगर में रह रहे थे। बड़े भाई की भी हो चुकी है हत्या ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1990 के आसपास मृतक के बड़े भाई की भी हत्या कर दी गई थी। अब एक बार फिर परिवार में हुई इस घटना से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रभारी निरीक्षक राजीव पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
खेत से लौटते समय किसान का मिला शव, हत्या की आशंका
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



