फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में गुरुवार को सांसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस एवं परिवहन विभाग को ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु तथा 379 लोग घायल हुए। वर्ष 2026 में मई तक दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि मई 2026 तक हुई 214 दुर्घटनाओं में 140 मामलों में दोपहिया वाहन शामिल रहे। इन हादसों में 80 लोगों की मौत हुई, जबकि 119 घायल हुए। हेलमेट का प्रयोग न करना मृत्यु का प्रमुख कारण पाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ वर्ष 2026 में मई तक 30 हजार से अधिक चालान किए गए हैं। वहीं पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से हजारों वाहनों पर कार्रवाई कर करोड़ों रुपये का जुर्माना वसूला है। बैठक में हिट एंड रन दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2026 में मई तक 45 ऐसे मामलों में 38 लोगों की मौत हुई है। सांसद मुकेश राजपूत ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों और हाईवे पर नियमित चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुरक्षा उपाय बढ़ाने तथा स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज करने पर जोर दिया। साथ ही एनएचएआई अधिकारियों को सड़क और पुल परियोजनाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। :::
ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



