फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम अल्हापुर में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने कई परिवारों की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को राख में बदल दिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक घर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास की झोपड़ियों और भूसे के ढेरों को अपनी चपेट में ले लिया।जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले अनगपाल पुत्र श्रीकृष्ण के घर में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हादसे में मानसिंह पुत्र रामभजन की झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। झोपड़ी में रखी चारपाई, दो बोरी गेहूं सहित अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। वहीं हरिपाल पुत्र अहिवरन की चारपाई, रजाई, चार पैकेट गेहूं एवं गृहस्थी का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा श्यामपाल एवं वीरपाल पुत्र रतीराम की झोपड़ी में रखा भूसा जलकर राख हो गया, जिससे पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका। कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और उनके सामने दैनिक जरूरतों की समस्या खड़ी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। उधर, उपजिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह यादव को मौके पर भेजा तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और प्रभावित परिवारों से जानकारी जुटाई। उपजिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्निपीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है, जबकि ग्रामीण पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
भीषण आग से कई परिवारों की गृहस्थी राख


