फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सपा ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार तक पहुंचने का रास्ता बूथ से होकर जाता है, इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना जरूरी है।
पार्टी प्रवक्ता राधेश्याम सविता के अनुसार विधानसभा क्षेत्र भोजपुर के
खिमसेपुर में बूथ संख्या 62, 63, 64 और 65 की वोटर लिस्ट की स्कैनिंग की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादियों के लिए “करो या मरो” की स्थिति जैसा है। पार्टी के बड़े नेताओं को बड़े स्तर की रणनीति पर कार्य करने देना चाहिए, जबकि कार्यकर्ताओं का मुख्य दायित्व बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करना है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि बिना बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाए सरकार नहीं बन सकती। कार्यकर्ताओं को अपनी-अपनी पोलिंग स्टेशन पर फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़े स्तर पर सब कुछ ठीक था, लेकिन बूथ स्तर पर जितनी मजबूती से काम होना चाहिए था, उतना नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 60 से अधिक सीटें बहुत कम अंतर से हारी गई थीं। यदि बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट की बेहतर स्कैनिंग और छोटी-छोटी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया होता तो परिणाम अलग हो सकते थे। इस मौके पर बीएलए दीपक श्रीवास्तव, अवधेश प्रजापति, विनीश वर्मा, दिलीप श्रीवास्तव, सुनील कमल और शशांक कमल मौजूद रहे।
बूथ लेवल पर सपा को मजबूत करने में जुटे कार्यकर्ता



