फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विकासखंड बढ़पुर क्षेत्र के निर्मल गांव विजाधरपुर में नलकूप विभाग की भारी लापरवाही सामने आई है। विभाग की अनदेखी के चलते आये दिन जब नलकूप चलता है तो सैकड़ों हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, जबकि गांव की मुख्य सड़क जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो चुकी है। लगातार बह रहे पानी से पीडब्ल्यूडी की सड़क भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में स्थित नलकूप की हौद लंबे समय से टूटी और जर्जर हालत में पड़ी है। इसी टूटी हौद से पानी की सप्लाई की जा रही है, जिसके कारण बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पंचायत भवन के सामने हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है। मुख्य सड़क पर लगातार पानी बहने से सड़क जगह-जगह धंस गई है और गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। राहगीरों, स्कूली
बच्चों और बाइक सवारों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार जल संरक्षण और पानी बचाने के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के चलते प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इससे न केवल सड़कें खराब हो रही हैं, बल्कि आसपास गंदगी और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटी हौद की मरम्मत कराई जाए, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ नें जेएनआई न्यूज को बताया कि संबंधित अधिकारीयों को निर्देशित कर व्यवस्था दुरस्त करायी जायेगी
नलकूप विभाग की बड़ी लापरवाही, हजारों लीटर पानी होता बर्बाद , सड़क बनी तालाब



