फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जनपद के शिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवाओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फर्रुखाबाद ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना के माध्यम से युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुख अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
योजना के तहत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण किया हो। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल pminternship.mca.gov.in� पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को देश के 19 विभिन्न सेक्टरों की लगभग 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत चयनित युवाओं को एक वर्ष तक न्यूनतम 9 हजार रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण करने पर अभ्यर्थियों को 6 हजार रुपये की एकमुश्त अनुदान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। बताया गया कि ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पोर्टल स्वतः बायोडाटा तैयार करेगा। इसके बाद संबंधित कंपनियां अपने चयन मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन कर इंटर्नशिप ऑफर प्रदान करेंगी।
जनपद के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने हेतु समय से आवेदन करें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा योजना के आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत युवाओं से आवेदन आमंत्रित





