फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। 1 मई 2026 से 26 मई 2026 तक प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान कई विभागों की कार्यशैली बेहद खराब पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों का मई माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा में नगर पालिका एवं नगर पंचायत फर्रुखाबाद और मोहम्मदाबाद के अधिशासी अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक कायमगंज, विद्युत विभाग के अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित कई अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।
जिलाधिकारी ने पाया कि अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा नहीं कर रहे हैं और न ही शासनादेशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित न किए जाने के कारण जनपद की रैंकिंग भी प्रभावित हो रही है, जिससे शासन स्तर पर जिले की छवि धूमिल हो रही है।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, इसके बावजूद अधिकारियों की लापरवाही अनुशासनहीनता और प्रशासनिक अक्षमता को दर्शाती है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों से तीन दिन के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित कर शासनादेशों का पालन कराया जाए।
आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई अधिकारियों का वेतन रोका





