गौशाला की बदहाल व्यवस्था पर भड़का हिंदू रक्षा दल, डीएम से जांच की मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रोशनाबाद क्षेत्र स्थित खगऊ गौशाला में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर हिंदू रक्षा दल ने नाराजगी जताई है। रोशनाबाद क्षेत्र स्थित खगऊ गौशाला में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर हिंदू रक्षा दल ने नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारियों ने गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
निरीक्षण के दौरान हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गौवंशों को अनाज, आलू, तरबूज और खरबूजा खिलाया। संगठन का आरोप है कि गौशाला में गोवंशों के रखरखाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई स्थानों पर साफ-सफाई की कमी और चारे की अव्यवस्थित व्यवस्था देखने को मिली, जिससे गौवंशों की स्थिति प्रभावित हो रही है।
हिंदू रक्षा दल के प्रांतीय अध्यक्ष सनी गुप्ता ने कहा कि गौशाला संचालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो गोवंशों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि गौशाला की देखरेख प्रधान रामप्यारी, उनके पुत्र शैलेश कुमार यादव तथा सचिव अमित के जिम्मे है, लेकिन व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं। हिंदू रक्षा दल ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गौशाला की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग की है।