फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी. गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने टीम के साथ भोलेपुर और नेकपुर चौरासी स्थित देशी शराब दुकानों, भोलेपुर कम्पोजिट शॉप तथा आवास विकास मॉडल शॉप की जांच की।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से हो रही बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें और शासन
द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध शराब का मिलान अभिलेखों से किया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश भी दिए गए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध आगे भी लगातार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
आबकारी विभाग का छापामार अभियान, शराब दुकानों का किया गया औचक निरीक्षण



