फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, बांसी अड्डा के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने मुख्य मार्ग पर एक बाइक सवार ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान गांव मुजहा निवासी लज्जावती पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि लज्जावती अमृतपुर सरकारी अस्पताल दवा लेने गई थीं और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गईं।
मृतका का एक पुत्र विनोद है, जिसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। वहीं बेटी मीना की शादी हो चुकी है। बताया गया कि मृतका के पति सुरेंद्र की भी करीब दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। अमृतपुर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए उपनिरीक्षक खूबेलाल को भेजा गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत



