फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव बलीपट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कक्षा 3 में पढ़ने वाले अनाथ छात्र कृष्णा के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मामले में प्रधानाध्यापिका नीलम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में करीब 70 बच्चों के लिए लगभग 2 लीटर दूध तैयार किया गया था। आरोप है कि भूख लगने पर छात्र कृष्णा ने मिड-डे मील के दौरान एक चमचा दूध और दो रोटी अतिरिक्त मांग ली। इसी बात पर
प्रधानाध्यापिका नाराज हो गईं और छात्र की पिटाई कर दी। घटना के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी हुई।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विद्यालय पहुंचे एआरपी मयंक दुबे ने पीड़ित बच्चे की दादी को फटकार लगाई और प्रधानाध्यापिका से विद्यालय का गेट बंद रखने को कहा। लोगों का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई।आरोप यह भी है कि पीड़ित छात्र को भोजन तक नहीं दिया गया, जबकि वह बेहद गरीब और अनाथ है। घटना के बाद गांव में शिक्षा व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने विद्यालय में अनियमितता और लापरवाही के आरोप लगाए हैं।पीड़ित पक्ष ने थाना अमृतपुर में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि
शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






