फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 की प्रक्रिया गुरुवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। डीएम ने बताया कि नागरिक 21 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना निदेशालय के पोर्टल पर जाकर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक है। जो लोग स्वयं जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके घर 22 मई से जनगणनाकर्मी पहुंचकर आंकड़े एकत्र करेंगे।स्व-
गणना प्रक्रिया में परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, पता, गांव या शहर की जानकारी, मकान की स्थिति और परिवार से जुड़ी जानकारियां भरनी होंगी। साथ ही मानचित्र पर अपने घर का सही स्थान भी चिन्हित करना होगा। फार्म जमा होने के बाद नागरिकों को ‘H’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की पहचान संख्या मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा।डीएम ने बताया कि जनगणना फार्म में कुल 34 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इनमें मकान, पेयजल, बिजली, शौचालय, गैस कनेक्शन, मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर और वाहनों से संबंधित जानकारी मांगी जाएगी। पहली बार परिवार द्वारा उपयोग किए जाने
वाले मुख्य अनाज की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गलत जानकारी देने या जनगणना में सहयोग न करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें तीन वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
जनगणना-2027 की शुरुआत, डीएम ने खुद किया स्व-गणना पंजीकरण





