फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार में एक बाइक जा घुसी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, झंडी मड़ैया निवासी अंकित पुत्र रामनरेश अपनी बहन की शादी के लिए बाइक से बर्फ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला पहिया कार में फंस गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक ने वाहन को सड़क किनारे लगा दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को कार से बाहर निकाला और स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि कार में गूजरपुर गहलवार के पूर्व प्रधान की पुत्री अपने पति के साथ अमृतपुर कस्बे में खरीदारी के लिए आई थीं।घटना के चलते लगभग एक घंटे तक मौके पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।थाना अध्यक्ष इन्द्रजीत ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हो गई है। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार कार में घुसी बाइक, सवार बाल-बाल बचा



