कलेक्ट्रेट सभागार में 149 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार दोपहर 12 बजे नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 149 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 106 ईसीसीई एजूकेटर, 8 जिला परियोजना कार्यालय एवं ब्लॉक संसाधन केंद्रों से सम्बद्ध कार्मिक, 14 तकनीकी अनुदेशक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के लिए 21 कार्मिक शामिल हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर ने अभ्यर्थियों को ईमानदारी और लगन से कार्य करने की सीख दी। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ईसीसीई एजूकेटर की भूमिका को प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य ने विद्यालयों के शैक्षिक स्तर पर संतोष व्यक्त करते हुए नवचयनित कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा और सांसद मुकेश राजपूत ने भी सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आकाश मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह, इस दौरान जिला समन्वयक जितेन्द्र सिंह, जितिन रंजन मिश्रा रहे।