भैंसा चोरी के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उलियापुर में भैंसा चोरी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों के हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को बांकेलाल पुत्र इंदर का भैंसा चोरी हो गया था। इस मामले में परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर राजवीर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र और सुनील सहित अन्य लोगों पर शक जताया था। आरोप है कि पुलिस ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की और प्रमाण लाने की बात कहकर टाल दिया।
बताया गया कि बाद में मेहंदियावली के पास संजय अग्रवाल ने बांकेलाल और राजकुमार को सीसीटीवी कैमरा चेक करने के बहाने अपने गोदाम पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्ष के लोगों—शकुंतला, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, सुनील और करण समेत अन्य ने दोनों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में राजकुमार किसी तरह मौके से भाग निकले, जबकि गंभीर रूप से घायल बांकेलाल को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए करन पुत्र राजवीर, पुष्पेन्द्र पुत्र राजवीर एवं पूनम पत्नी शनि निवासी ग्राम उलियापुर, कोतवाली कायमगंज, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।