फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उलियापुर निवासी बांकेलाल की दबंगों द्वारा की गई पिटाई के बाद मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को बांकेलाल पुत्र इंदर का भैंसा चोरी हो गया था। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर राजवीर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र और सुनील सहित अन्य लोगों पर शक जताया था। आरोप
है कि पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और उल्टा चोरी के प्रमाण लाने की बात कहकर टाल दिया।
बताया गया कि बाद में मेहंदियावली के पास संजय अग्रवाल ने बांकेलाल और राजकुमार को सीसीटीवी कैमरा चेक करने के बहाने अपने गोदाम पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद विपक्षी पक्ष के लोगों—शकुंतला पत्नी राजवीर, नगर, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, सुनील और करण समेत अन्य ने दोनों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में राजकुमार किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि गंभीर रूप से घायल बांकेलाल को तत्काल कायमगंज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।सीओ क़ायमगंज नें बताया की मारपीट से घायल की उपचार के दौरान मौत हुई है| शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है|
दबंगों की पिटाई से युवक की मौत, परिजनों का हंगामा; पुलिस पर लापरवाही के आरोप




