विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी में 28 वर्षीय प्रियंका पत्नी आदेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार और दरोगा सत्यदेव ओझा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मृतका का पति आदेश घटना के समय खेत में गेहूं काटने गया हुआ था। प्रियंका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों 6 वर्षीय मौसमी, 4 वर्षीय सक्षम और 3 वर्षीय हिमांशु को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।