आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व स्मार्टफोन वितरित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए नियुक्ति पत्र वितरण और स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य एवं भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में चयनित 7 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 476 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही पहले से कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को 239 स्मार्टफोन वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि ये स्मार्टफोन पोषण ट्रैकर एप के संचालन और रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे कार्य में पारदर्शिता और गति आएगी।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्मित 14 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण प्रदेश स्तर से किया गया, जबकि बढ़पुर परियोजना के अंतर्गत ग्राम जसमई में नए केंद्र भवन के निर्माण का शिलान्यास भी हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025-26 में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को राज्य पोषित भवन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है और प्रति केंद्र 30.22 लाख की लागत निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए पहली किश्त के रूप में 10.14 लाख से अधिक की धनराशि जारी कर दी गई है। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस मौके पर विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।