फर्रुखाबाद: (नगर संवाददाता)ग्राम सभा सोता बहादुरपुर के पांचाल घाट क्षेत्र स्थित पराग डेयरी के सामने मौनी आश्रम रोड पर नालियों का पानी बंद होने से गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। बताया जा रहा है कि एक ओर मकान निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं दूसरी ओर नाली बंद होने के कारण पिछले करीब एक सप्ताह से क्षेत्र में पानी जमा है।
जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने पांचाल घाट चौकी में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा मकान निर्माण के दौरान नाली बंद कर दी गई, जिससे पूरे मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन गई है।
शिकायतकर्ताओं में शिवम, अजय सिंह, संतोष कुमार और मनोज कुमार सहित कई लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। साथ ही मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा धमकी दी जा रही है। ग्राम प्रधान सोता बहादुरपुर नसरुद्दीन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद निर्माण कार्य कराने वाले व्यक्ति से बातचीत की गई है और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।

नाली बंद होने से जलभराव, ग्रामीणों ने पुलिस से की शिकायत




