भाजपा नें कार्यकर्ताओं को बतायी संगठन की विचारधारा

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को जहानगंज मंडल का प्रशिक्षण शिविर दरियावगंज स्थित लक्ष्मी गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और संगठन की कार्यपद्धति की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को लगातार सीखने, आत्ममंथन करने और जनसेवा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है। संगठन में हर कार्यकर्ता सेवा भाव से कार्य करता है और यही भाजपा की विशेष पहचान है।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की कार्यशैली का अहम हिस्सा हैं, जो समय-समय पर आयोजित होते रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वयं को पदाधिकारी नहीं बल्कि कार्यकर्ता मानकर कार्य करने की बात कही। सांसद मुकेश राजपूत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जिला मंत्री अभिषेक वाजपेयी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। वीरेंद्र सिंह राठौड़, अनुज कटियार, अरविंद कटियार, शैलेंद्र सिंह राजपूत आदि रहे।