जल भराव के विरोध में मुख्य मार्ग किया जाम, पुलिस से

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मंगलवार रात हुई तेज़ बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र फर्रुखाबाद–फतेहगढ़ रोड स्थित नेकपुर से मसेनी जाने वाली सड़क रही, जहां भारी जलभराव के चलते आसपास के मोहल्लों में भी पानी घुस गया। कई घरों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलभराव से नाराज़ मोहल्ले के लोगों ने शनिवार सुबह फर्रुखाबाद–फतेहगढ़ रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। जाम की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान जाम लगाए लोगों और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका की सक्शन मशीन मंगवाई गई, जिसके जरिए सड़क पर भरा पानी निकाला गया। पानी निकलने के बाद लोगों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। वहीं मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में बनाए गए नाले का निर्माण ठीक ढंग से नहीं किया गया है, जिसके कारण बारिश होते ही जलभराव की स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाले की जांच कराकर स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से निजात मिल सके| चेयरमैन पति मनोज अग्रवाल नें बताया की वह रोड़ पीडब्लूडी का हैं, उनके बाद भी लोगों के कहने पर नाला बनाया गया, अब वही लोग विरोध कर रहें हैं | मामले कों देखा जायेगी|