सड़क दुर्घटना पीड़ितों के नगदी रहित उपचार पर संगोष्ठी, हिट एंड रन व राह-वीर योजनाओं पर चर्चा

0
377

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित व नगदी रहित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह नें की। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा जिला रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार ने योजनाओं की जानकारी दी।
संगोष्ठी में बताया गया कि भारत सरकार की कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सात दिन तक 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिलेगा। इसके लिए पुलिस व चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार ने पीपीटी के माध्यम से कैशलेस उपचार की प्रक्रिया समझाई। साथ ही 21 अप्रैल 2025 से लागू राह-वीर योजना के अंतर्गत गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने का प्रावधान बताया गया।
एआरटीओ ने हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात वाहन से दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर घायल होने पर 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। आवेदन उप जिलाधिकारी के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों सहित किया जा सकता है। वर्ष 2025 में जनपद में हिट एंड रन की 109 घटनाओं में 89 लोगों की मौत व 81 के घायल होने की जानकारी भी दी गई।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]