फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम मलोखर में बीते दिनों हुई मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण मारपीट से लगी चोटें बताते हुए विपक्षियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव मलोखर निवासी प्रशांत कुमार यादव ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 76 वर्षीय पिता श्यामपाल यादव की इलाज के दौरान 11 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और संबंधित चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
परिजनों का कहना है कि 6 अक्टूबर को गांव के ही प्रेमपाल सिंह पुत्र रघुनाथ और विनय पुत्र प्रेमपाल सिंह से पुराने 80 वर्ष पुराने बकैना और कटहल के पेड़ की लकड़ी को लेकर विवाद हुआ था।विपक्षियों ने लकड़ी उठाने से रोका और जमीन कब्जाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की।विरोध किया तो उन्होंने श्यामपाल से लात-घूंसे और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। बीती रात इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के छह पुत्र — मुकेश, विमलेश, बबलू, अरविंद, विनोद और अखिलेश हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हुआ था और 1 जुलाई 2016 को भी कार्रवाई की गई थी, परंतु उस समय किसी पक्ष ने मेडिकल नहीं करवाया था।मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, हत्या का आरोप




