आरपीएफ की सख्ती से रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी 15 ठेलियों पर होंगी कार्यवाही

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) रेलवे स्टेशन के बाहर लगातार लग रहे जाम की समस्या को देखते हुए आरपीएफ ने मंगलवार को सख्त रुख अपनाया। स्टेशन परिसर और रेलवे क्रॉसिंग के पास लगने वाली ठेलियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए आरपीएफ ने करीब 15 ठेलियों को कब्जे में ले लिया।
रेलवे स्टेशन के बाहर फल, चाट, गोलगप्पे सहित अन्य खाने-पीने की ठेलियां सड़क किनारे और क्रॉसिंग के पास आड़े-तिरछे खड़ी हो जाती थीं। इससे वाहनों के आवागमन में रुकावट उत्पन्न होती थी और ट्रेन आने-जाने के समय यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी होती थी। शिकायतों के बाद आरपीएफ ने यह कार्रवाई की।
अभियान की भनक लगते ही ठेला दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई ठेला कारोबारी मौके से ठेलियां लेकर भाग निकले, जबकि कुछ की ठेलियां टीम ने जब्त कर प्लेटफार्म परिसर में खड़ी करा दीं। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में यदि रेलवे क्षेत्र में दोबारा ठेलियां लगाई गईं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि कुल 15 ठेलियां कब्जे में ली गई हैं। संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में अवैध रूप से ठेलियां लगाकर जाम पैदा करने वालों पर अब नियमित निगरानी रखी जाएगी।


“पैसे की वसूली न देने पर हुई कार्रवाई” — ठेली वालों का आरोप रेलवे स्टेशन के बाहर वर्षों से ठेलियां लगती रही हैं, लेकिन अब अचानक हुई सख्ती ने सवाल खड़े कर दिए हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक ठेला कारोबारियो ने बताया कि उनके बीच से ही एक व्यक्ति रेल पुलिस के नाम पर पैसे इकट्ठा करता था। इसी कारण वे निडर होकर ठेली लगाते थे। इतना ही नहीं स्टेशन पर आने जाने वाले पुलिसकर्मियों की भी सेवा करनी पड़ती थी। उसमें भी खर्च अपने पास से ही करना पड़ता था।ठेलेवालों का कहना है कि ठेली लगने से जाम लगने की बात करना समझ से परे है।आरपीएफ चौकी इंचार्ज सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं है। उन्होंने ठेलेवालों के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।