सिलाई कारखाने में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, सात मशीनों समेत लाखों का सामान राख

0
19

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के मोहल्ला महावीरगंज धोती में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से सिलाई कारखाने में आग लग गई। आग में सात सिलाई मशीनें, मोटर, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग की लपटों से बचने के लिए कारीगर ने तीसरी मंजिल से जंगले के रास्ते छलांग लगा दी, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गया।महावीरगंज द्वितीय निवासी राजेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे तक वह अपने कारखाने में राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी कारीगर धीरज के साथ सिलाई का काम कर रहे थे। इसके बाद उनकी पत्नी माया रानी बच्चों के साथ दूसरी मंजिल पर सोने चली गईं। भतीजी कुसुम समेत अन्य परिजन भी अपने कमरों में सो गए।रात करीब दो बजे कारीगर धीरज की चीख सुनकर राजेंद्र सिंह तीसरी मंजिल पर पहुंचे। गेट खोलते ही आग की लपटें उनकी ओर बढ़ने लगीं। उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया, जबकि धीरज ने जंगले से छलांग लगाकर जान बचाई। इस दौरान वह मामूली रूप से घायल हो गया। भतीजी कुसुम ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।करीब आधे घंटे बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कारखाने में रखी सात सिलाई मशीनें, मोटर, कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]