श्रद्धा और आस्था के साथ उठाये निशान, मेले में उमड़ी आस्था

0
379

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मंगलवार को फतेहगढ़ के जाहरवीर गोगा जी महाराज मेले में भव्य रूप से सजे निशानों को पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ उठाया गया। सांसद मुकेश राजपूत ने झंडी दिखाकर निशानों को रवाना किया। ढोलक की थाप व मजीरों की झंकार के बीच नाचते-गाते श्रद्धालु निशानों के साथ सीएमओ कार्यालय के निकट स्थित जाहरवीर गोगा जी महाराज मंदिर पहुंचे। मंदिर के बाहर दोनों ओर निशानों को रखकर उनकी पूजा की गई। हवन आदि कर प्रसाद बांटा गया। इस दौरान भजन-कीर्तन की गूंज होती रही।

[adrotate banner="3"]

सोमवार रात से ही जाहरवीर गोगा महाराज के भक्त निशान लेकर फतेहगढ़ कोतवाली के निकट पहुंचने लगे थे। रात भर पूजन व भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा। मंगलवार दोपहर निशानों की शोभायात्रा शुरू हुई। सभी निशानों को भव्य रूप से सजाया गया था। ओम, स्वास्तिक, मोर, हाथी आदि की कलाकृतियों से निशान सजे थे। मोरपंख भी बांधे गए। निशान के ऊपर सिरमौर को भी भव्य रूप दिया गया था। निशानों की डोर को गुरु(भगत) पकड़कर चल रहे थे। चेले निशान उठा रहे थे। निशान उठाए-उठाए ही श्रद्धालु झूमते रहे। लगभग से 82 निशान शोभायात्रा में शामिल हुये।

[adrotate banner="2"]