होर्डिंग्स से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो काटी

आगरा: जहाँ एक तरफ देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। अलग अलग शहराें में तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा कार्यक्रम चल रहे हैं।

वही दूसरी तरफ देशभक्ति से ओतप्रोत इस माहौल में शरारती तत्व खलल पैदा करने चाहते हैं। इसी इरादे से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बड़ी साजिश रची गई है।

नगर निगम की ओर से शहर के चौराहाें पर अमृत महोत्सव का संदेश देते होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें से शुक्रवार देर रात किसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं की तस्वीर को ब्लेड से काटकर अलग कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

फिरोजाबाद शहर में शुक्रवार की रात बड़ी शरारतसामने आई है। जिसमे शहर में नगर निगम द्वारा लगाए गए आजादी के अमृत महोत्सव के होर्डिंग्स में से सीएम योगी आदित्यनाथ की फोटो काट दी गई है।

सुबह लोग घरों से निकले तो चौराहों पर होर्डिंग्स से कटी फोटो देखकर खलबली मच गई।बीजेपी विधायक मनीष असीजा और भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार अन्य नेताओं ने शहर का दौरा किया और अधिकारियों को इस शरारत की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने चौराहों पर जाकर होर्डिंग देखे। ऊंचाई पर लगे होडिंग्स में सीएम की तस्वीर को ब्लेड से काटा गया था। वहीं सुहाग नगर चौराहे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं की फोटो भी काटी गई हैं।

एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि उत्तर और दक्षिण थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। विधायक मनीष असीजा का कहना है कि ये साजिश के तहत किया गया है। घटना के संबंध में शासन को सूचित कर दिया है।

प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रदेश स्तर पर पहले ही एडवाइजरी जारी की जा चुकी है कि स्वतंत्रता दिवस पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करने से बचें क्याेंकि देश विरोधी ताकतें इस समय कुछ भी खलल पैदा कर सकती हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।