आगरा: निजी कार्यक्रम में शिरकत करने फीरोजाबाद आए प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रसपा 2022 के चुनाव की तैयारी कर रही है। विस चुनाव में गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा से गठबंधन प्रसपा की प्राथमिकता है। यदि सपा से गठबंधन नहीं हो पाया तो बाद में देखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी के आरोप लगाए।
सोमवार दोपहर दो बजे फीरोजाबाद पहुंचे पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की सड़कें न तो गड्ढा मुक्त हो पाईं और न विकास हो पाया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार पहले साल तो पांच गुना बढ़ा हुआ था, लेकिन अब सौ फीसद तक पहुंच गया है। अधिकारियों की मनमानी चल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की तैयारियों पर कहा कि हम अपनी तैयारी में लगे हैं। यदि सपा से गठबंधन नहीं हो पाता है तो पार्टी उन दलों से गठबंधन करेगी तो सम्मान देंगे।
राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष द्वारा फैसले के खिलाफ अपील के सवाल पर उन्होंने कहा कि वैसे तो सभी लोग स्वतंत्र हैं। हम तो आम सहमति के पक्षधर थे, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई। सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की पीठ ने जो फैसला दिया है, उसे सबको मानना चाहिए। अब विकास की बात होना चाहिए। देश से गरीबी और बेरोजगारी खत्म होना चाहिए। कानून व्यवस्था ठीक रहे।
शिवपाल ने जताई उम्मीद, सपा से गठबंधन पहली प्राथमिकता
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


