कानून व्यवस्था में योगी सरकार ने काफी किया निराश: अखिलेश

0
129

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार पर गंभीर आरोप जड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार यहां की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात कहकर सत्ता पर काबिज हुई है, लेकिन इस मामले में योगी सरकार ने बेहद निराश किया है। अब तो प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं। अखिलेश समाजवादी पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुद लोग भगवा अंगोछा लपेटकर पुलिस के इकबाल को लगातार चुनौती दे रहे हैं। थानाध्यक्ष के साथ पुलिसकर्मी भी पीटे जा रहे हैं। एसपी के घर के अंदर घुसकर हमला किया जा रहा है। ऐसा तो पहले कभी नहीं हुआ।

[adrotate banner="3"]

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भू-माफिया पर एक्शन लेने की बात की थी, लेकिन अब तो सभी भूमाफिया भारतीय जनता पार्टी में चले गए हैं। सुना है कि आने वाले समय में इनमें से कुछ तो मंत्री बनने जा रहे हैं। अब इनके खिलाफ कैसे कार्रवाई संभव है? योगी आदित्यनाथ सरकार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। मुख्यमंत्री प्रदेश का दौरा करते रहते हैं, लेकिन अफसर मस्त ही रहते हैं।

अखिलेश ने कहा कि बलिया में एक बेटी की जान चली गई। स्कूल जा रही छात्रा को चाकुओं से गोद दिया गया। एसपी और अन्य पुलिसकर्मी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। लेकिन प्रदेश सरकार कह रही है कि उसने कार्रवाई की। बलिया में जो कुछ हुआ, वह बेहद गंभीर घटना है। प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।उन्होंने कहा, “योगी हम पर आरोप लग रहे थे कि थाना हम चलाते थे, लेकिन अब हम पूछ रहे हैं कि थाना कौन चला रहा है? अब तो पुलिस वसूली कर रही है। प्रदेश में 100 नंबर की व्यवस्था हमने दी थी। सबने तारीफ की। इस सरकार ने इस व्यवस्था का भी सत्यानाश कर दिया।”

उन्होंने कहा, “योगी सरकार पुलिस की भर्ती रोके हुए है। सब इंस्पेक्टर परीक्षा का तो पेपर ही आउट हो गया। पुलिस का अब सिर्फ एक काम रह गया है, विपक्षी दल के नेताओं पर दबाव बनाने का। औरैया, मैनपुरी, कन्नौज और आगरा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हो रहा है। इस पर मैंने खुद डीजीपी सुलखान सिंह से बात की। वह कुछ भी बोलने और करने की स्थिति में नहीं हैं। पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को फंसाया जा रहा है, पुलिस हमारे लोगों को परेशान कर रही है।”

[adrotate banner="2"]