सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति ने 50 पैसे, एक रुपए और दो रुपए के सिक्कों का आकार छोटा करने की सिफारिश की है।
वित्त राज्य मंत्री नमो नारायण मीणा ने बताया कि विभिन्न मूल्य वर्गों के सिक्कों, विशेष रूप से एक रुपए तथा दो रुपए के सिक्कों में अंतर करने के लिए जनता, खास कर दृष्टिबाधित लोगों को हो रही कठिनाई दूर करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है।
समिति को भविष्य में निर्मित या मुद्रित किए जाने वाले सिक्कों और करेंसी नोटों के मूल्य वर्गों को युक्ति संगत बनाने के लिए सुझाव देने का जिम्मा भी सौंपा गया। मीणा ने बताया कि सरकार को पेश की गई अपनी रिपोर्ट में समिति ने 25 पैसे के मूल्य वर्ग तथा उससे कम मूल्य वर्ग के सिक्कों को परिचालन से वापस लेने की सिफारिश की है। समिति ने 50 पैसे, एक रुपए और दो रुपए के सिक्कों का आकार कम करने की सिफारिश भी की है।
समिति ने अपनी सिफारिश में कहा है कि 50 पैसे के सिक्कों को 25 पैसे के सिक्कों के आकार में, एक रुपए के सिक्के को 50 पैसे के सिक्के के आकार में तथा दो रुपए के सिक्कों को एक रुपए के आकार में मुद्रित किया जाए। रामचंद्र खूंटिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में मीणा ने राज्यसभा को बताया कि सरकार ने समिति की सिफारिशें स्वीकार कर ली हैं।


