कंपिल चेयरमैन के अल्पसंख्यक परिवार से विवाद में साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास

Uncategorized

फर्रुखाबाद: रविवार को कंपिल नगर पंचायत अध्यक्ष के ग्राम कमलाईपुर में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के बाद हुई आगजनी व पथराव के सम्बंध में सोमवार को सपा विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी के साथ नगर के संभ्रांत मुस्लिमों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से प्रकरण को अल्पसंख्यक समुदाय के परिवार के उत्पीड़न से जोड़ते हुए प्रकरण को साम्प्रदायिक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया गया है।

विदित है कि रविवार को कंपिल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलहा के मजरा कमलाईपुर में करीब डेढ़ विसवा विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया था। वर्तमान में इस भूखण्ड पर गांव के ही हफीज का कब्जा है। जबकि इस भूमि को महेश एवं उसकी विधवा भाभी मुन्नी अपना बता रहे हैं। इसको लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। रविवार को विवादित भूमि पर ग्राम पंचायत की ओर से भराव डालने का विरोध करने पर दोनो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान विवादित भूमि पर रखे भूसे में आग लगा दी गयी। जिसके बाद दोनो ओर से पथराव होने लगा। घटना की पृष्ठभूमि के अनुसार ग्राम प्रधान प्रधान पति एवं कंपिल नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव पर हफीज के पुत्र इकबाल की हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था।

नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह यादव का कहना है कि विवादित भूमि का आधा भाग मुन्नीदेवी का है। जिसकी शेष आधी जमीन ग्राम समाज की है। जिस पर हफीज का कब्जा है। इस सम्बंध में सोमवार को भोजपुर सपा विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी के साथ मुजफ्फर रहमानी, मौलाना शमशाद चतुर्वेदी, काजी मुताहिर अली, कारी फशीमुजीबी, मौलाना ऐजाज नूरी सहित लगभग दो दर्जन अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर कंपिल नगर पंचायत अध्यक्ष उदयपाल सिंह व उनके साथियों की गिरफ्तारी की मांग की।

एसपी को सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया है कि उदयपाल सिंह इस परिवार का काफी समय से उत्पीड़न कर रहे हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। परिवार की महिलायें गांव छोड़कर शहर में पनाह लिए हुए हैं। यदि इस घटना को गंभीरता से न लिया गया तो मुख्यमंत्री से भेंट कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जायेगी।