दवा प्रतिनिधि की मौत, हत्या या आत्महत्या?

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास 1/216 निवासी 45 वर्षीय नवीन पाण्डेय पुत्र रमेशचन्द्र पाण्डेय ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।

मृतक नवीन पाण्डेय के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार नवीन पाण्डेय दवा प्रतिनिधि का कारोबार करता था। जो कुछ दिनों से उसने छोड़ रखा था। नवीन के पिता रमेशचन्द्र पाण्डेय वायु सेना से सेवानिवृत्त हुए थे।  नवीन के दो बेटे शायुष पाण्डेय दिल्ली में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, प्रियांस पाण्डेय इंटरमीडिएट का मेधावी छात्र है जो अपने भाई के साथ ही दिल्ली में रह रहा है।

नवीन पाण्डेय अपनी पत्नी संध्या पाण्डेय पर शक करता था। जिसको लेकर वह बीते कुछ महीनों से शराब पीने लगा था। जिसको लेकर आये दिन पत्नी व अन्य परिजनों के साथ नवीन पाण्डेय की मारपीट हो जाती थी। बीते कुछ दिनों पूर्व नवीन पाण्डेय के पिता रमेशचन्द्र पाण्डेय ने पुत्र के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर भी दी थी। नवीन पहले भी एक बार फांसी लगाने की कोशिश कर चुका था। परिवार के सदस्य नवीन के इस वर्ताव से तंग आ चुके थे। कुछ दिन पूर्व परिजनों ने नवीन पाण्डेय के साथ भी मारपीट की थी। जानकारी के मुताबिक नवीन के ऊपर कुछ लोगों का उधारी का पैसा भी था। उधर पत्नी के गलत होने का शक व पारिवारिक कलह से परेशान रहने के कारण नवीन आये दिन घर पर दारू के नशे में आकर परिजनों से बबाल करता रहता था।

बीती रात घर के सभी सदस्य सो रहे थे उसी दौरान नवीन पाण्डेय ने घर के अंदर कमरे में फांसी लगा ली। प्रातः तकरीबन चार बजे नवीन का छोटा भाई प्रवीन जब नीचे उतर कर आया तो नवीन को फांसी पर झूलता देखा। जिस पर उसने तत्काल अन्य परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिये शव को नीचे उतार लिया और न ही बाद में पुलिस को बताना मुनासिब समझा। तभी किसी ने पुलिस सहायता नम्बर 100 पर फोन करके सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सुबह तकरीबन साढ़े पांच बजे आवास विकास चौकी इंचार्ज इन्द्रपाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। परिजन पोस्टमार्टम कराने की बात से इंकार कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम किये जाने की बात को गंभीरता से कहा तो बमुस्किल परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। चौकी इंचार्ज इन्द्रपाल ने शव का पंचनामा भरा।

दवा प्रतिनिधि की मौत पर परिजन शक के घेरे में
घटना हो जाने के बाद पुलिस को जानकारी न देना, शव को खुद अपने हाथों से उतारकर आत्महत्या की बात को दबाये रखना व नवीन पाण्डेय को बीते कुछ दिनों पूर्व मारना पीटना इस बात को इंगित करता है कि नवीन पाण्डेय की कहीं हत्या तो नहीं की गयी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। चौकी इंचार्ज इन्द्रपाल ने बताया कि जांच के बाद ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।

पिता ने कर लिया था मृतक से सम्बन्ध विच्छेद

मृतक के पिता रमेश चन्द्र पाण्डेय ने आये दिन हो रहे विवाद से त्रस्त होकर नवीन पाण्डेय को अपने से सम्बंध विच्छेद कर लिये थे। जिसमें उन्होंने इस बात का जिक्र भी किया था कि मेरा पुत्र नवीन पाण्डेय आये दिन मेरे साथ अभद्रता करता है। अन्य कई बातें उन्होंने लिखीं थीं। जो समाचार मीडिया में भी प्रकाशित हुआ था। जिस बजह से नवीन मानसिक तनाव में रहने लगा था। उसकी हरकतें कुछ ज्यादा बढ़ गयीं थीं।