सावधान: कुख्यात बच्चा पासी पंहुचा फतेहगढ़ सेंट्रल जेल

Uncategorized

फर्रुखाबाद: इलाहबाद के जार्जटाउन में हुए चर्चित अलका पांडेय हत्याकांड के आरोपी मल्ली को जहां कानपुर जेल भेजा गया, वहीं मुंबई के काला घोड़ा शूटआउट समेत कई संगीन मामलों के आरोपी बच्चा पासी को फतेहगढ़ जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके अलावा कौशलेश तिवारी को फतेहपुर और कयूम को मुरादाबाद जेल भेजा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से शासन के आदेश पर चारों को नैनी जेल से अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित किया गया है।

पिछले वर्ष 16 सितंबर को जार्जटाउन क्षेत्र की रहने वाली अलका पांडेय पत्‍‌नी जेपी पांडेय को अगवा कर मार डाला गया था। रायबरेली में उनकी लाश को पेट्रोल छिड़ककर जलाया गया था। अलका की कार वाराणसी में मिली थी। इसमें मुख्य आरोपी मल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसने बताया था कि अलका, उधार के रूप में लिए 90 हजार रुपये लौटा नहीं रही थी, जिस कारण उसकी हत्या कर दी गई। यह काफी चर्चित मामला था। गिरफ्तारी के बाद मल्ली नैनी जेल भेज दिया गया। शनिवार को देर शाम अचानक शासन का आदेश मल्ली को कानपुर जेल में भेजने का आया। इसी प्रकार पूर्व पार्षद बच्चा पासी को फतेहगढ़ जेल भेजने की बात कही गई। बच्चा पासी मुंबई के चर्चित काला घोड़ा शूटआउट में नामजद रहा है। उस पर यहां भी कई संगीन मामले हैं। यहीं के एक मामले में वह गिरफ्तार किया गया था।

जेल सूत्रों के अनुसार, चारों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने शासन को पत्र लिखा था। इसमें इन सभी की गतिविधियां संदिग्ध बताई गई थीं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को खतरा उत्पन्न हो सकता है। नैनी प्रतिनिधि के अनुसार, पत्र मिलते ही शासन ने नैनी जेल में निरुद्ध चार बंदियों का स्थानांतरण कर दिया। शनिवार को आदेश जेल पहुंचने के बाद रविवार को उन्हे दूसरी जेलों के लिए रवाना किया गया। नैनी जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अम्बरीश गौड़ ने बताया कि मल्ली को कानपुर, बच्चा पासी को फतेहगढ़, कौशलेश तिवारी को फतेहपुर और कयूम को मुरादाबाद भेजा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से हमेशा इस प्रकार के कदम उठाए जाते हैं|