लिंजीगंज अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रेट का छापा, 15 दिन से गायब डाक्टर का वेतन रोका

Uncategorized

फर्रूखाबाद। नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने शनिवार को लिंजीगंज अस्पताल में छापा मारकर  निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले डा0 सुरेश कटियार का वेतन रोकने के आदेश दिये। वहीं अस्पताल में भारी गंदगी व अव्यवस्था को देखकर वह भड़क गये। डाक्टरों व एएनएम में छापे के दौरान हड़कंप मचा रहा। हालांकि डाक्टर की अनुपस्थिति के अलावा सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी व्यवथाओ को आल इज वेल कह दिया। तब जाकर डाक्टरों व कर्मचारियों की जान में जान आयी।

भारी अनियमितताओ की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार ने लिंजीगंज अस्पताल में छापा मारा। छापे के दौरान अस्पताल में भारी गदंगी मिली। अस्पताल में बने शौचालय महीनों से साफ नहीं किये गये थे। जिसे देखकर सिटी मजिस्ट्रेट विफर गये। उन्होंने चिकित्साधिकारी से कहा कि यदि यही हाल रहा तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने डाक्टरों के बारे में पूछा तो पता चला कि डा० सुरेन्द्र कटियार बीते १५ दिन से अनुपस्थित चल रहे हैं। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने डा० सुरेश कटियार का वेतन रोकने के आदेश दिये।

अस्पताल के कर्मियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को बताया कि लिंजीगंज अस्पताल में सात चिकित्सक नियुक्त हैं।  चिकित्साधीक्षक ने बताया कि सात चिकित्सकों में दो छुट्टी पर हैं, एक आज अनुपस्थित हैं। नगर मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि चिकित्सकों की तैनाती के लिए वह शासन को पत्र लिखेंगे। उन्होंने निर्माणाधीन आवास एक माह में पूरा कराने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान डाक्टरों, एएनएम व अन्य कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।