ऑनर किलिंग: बेटी की हत्या कर प्रेमी के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिये

Uncategorized

 पिता ने इज्जत की खातिर पहले बेटी की हत्या की और उसके बाद उसके प्रेमी दूधिये को निर्ममता से मौत के घाट उतार कर उसके शव के टुकड़-टुकड़े कर फेंक दिया। पड़ोसी जनपद मैनपुरी और फीरोजाबाद में नहर से तीन जगह से दूधिये के शव के टुकड़े बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।

जनपद फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी पुष्पेंद्र (25) पुत्र नजर सिंह दूध का कारोबार करता था। गत 18 जून को दूध लेने गांव रजापुर में गया था तथा उसके बाद से लापता था। उसकी साइकिल गांव रजापुर मोड़ पर लावारिस मिली थी। 19 जून को पुष्पेंद्र के पिता नजर सिंह ने थाने पर शिकायत दर्ज कराते हुए गांव रजापुर के दिनेश पर लेनदेन के विवाद में बेटे को गायब करने का आरोप लगाया था। बुधवार सुबह परिजनों कैलई पुल के पास नहर में एक हाथ देखा और उसे दिनेश का कटा हुआ हाथ बताया। इसके बाद एएसपी रतनकांत पांडेय, सीओ जसराना भूपेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक जसराना, थानाध्यक्ष फरिहा, थानाध्यक्ष खैरगढ़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नहर में शव की तलाश शुरू की। नहर में करीब चार पांच किलोमीटर आगे मैनपुरी जनपद में थाना ओंछा क्षेत्र में भंडेला के पास पुष्पेंद्र का सिर उसकी शर्ट से बंधा हुआ मिला। आगे जाकर पुष्पेंद्र का धड़ भी बरामद हो गया। इसके बाद पुलिस दिनेश के यहां पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

इस दौरान पुलिस की जानकारी में आया कि 18 जून को ही दिनेश की 18 साल की पुत्री संगीता की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके शव को दिनेश में उसी दिन जला दिया था। दिनेश ने ग्रामीणों को पेट में दर्द होने के कारण बेटी की मौत होने की बात बताई थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुष्पेंद्र का पांच वर्ष पहले विवाह हो चुका था। उसके संगीता के साथ अवैध संबंध थे। पुलिस दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसने गड़ासे से काटकर पुष्पेंद्र की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अपर्णा सिंह का कहना है कि पुष्पेंद्र की हत्या ऑनर किलिंग का मामला है। आरोपी दिनेश ने पुष्पेंद्र की हत्या से पूर्व अपनी पुत्री की भी हत्या की और शव को जला दिया।