विधान सभा चुनाव 2012 : दांव पर है नेता पुत्रों की साख!

Uncategorized

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों की साख के साथ-साथ इन दलों के आधा दर्जन से अधिक नेता पुत्रों की भी परीक्षा होगी।

इनमें सबसे पहला नाम आता है, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र और पार्टी महासचिव राहुल गांधी का। उनके बाद हैं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद मेनका गांधी के बेटे वरुण गांधी, राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद के बेटे और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह भी इसी श्रेणी में आते हैं।

जहां राहुल गांधी यूपी में कांग्रेस को मजबूती देने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं अखिलेश ने क्रांति रथ पर सवार होकर पूरे प्रदेश का भ्रमण किया। एसपी से अमर सिंह की विदाई के बाद से ही वह अपनी एक अलग पहचान बनाने में लगे हैं। जयंत राजनीति में अभी नए हैं लेकिन वह युवा और जोश से लबरेज हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में वह पहली बार मथुरा संसदीय क्षेत्र से चुनकर आए।