केंद्रीय मंत्री बन सकते हैं अजीत सिंह

Uncategorized

नई दिल्ली। रालोद प्रमुख अजित सिंह शीतकालीन सत्र के पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह पा सकते हैं। इस संबंध में आखिरी दौर की बातचीत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की स्वदेश वापसी के बाद होगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस संबंध में पार्टी नेताओं के साथ बात कर चुकी हैं। पीएम को विदेश जाने से पहले अब तक की बातचीत से अवगत कराया जा चुका है। माना जा रहा है स्वदेश वापसी के बाद पीएम इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष से बात करके कोई फैसला करेंगे।

 

कांग्रेस को इस बीच कुछ सीटों को लेकर बने पेंच भी सुलझ जाने की उम्मीद है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कुछ सीटों पर पेंच हैं। लेकिन यह मसला विवाद की स्थिति के लायक नहीं है। अब बातचीत में ऐसे मुद्दे नहीं है जिनसे बातचीत उलझ सके। रालोद प्रमुख अजित सिंह भी अब समझौते को लेकर आश्वस्त हैं। समझौते को इसी सप्ताह अंतिम रूप दिया जा सकता है।

 

हालांकि दोनों पक्ष अभी भी खुलकर बोलने से परहेज कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव व यूपी के प्रभारी दिग्विजय सिंह और उत्तर प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन मोहन प्रकाश का रालोद प्रमुख के साथ संपर्क बना हुआ है। अगले एक दो दिनों में रालोद कांग्रेस के बीच एक दौर की बात और हो सकती है। समझौता हुआ तो केंद्र में अजित सिंह को मंत्री पद मिलेगा जबकि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की 45 से 50 विधानसभा सीटें रालोद के लिए छोड़सकती है।