घोटालों की विरासत की रक्षा में जुटे हैं ग्राम प्रधान

Uncategorized

फर्रुखाबाद: अपने मुल्क में घोटालों और करने वालों की लिस्ट काफी लंबी है। अब घोटालेबाजों में ग्राम प्रधान भी दौड़ लगा रहे हैं| तकलीफ इस बात की है कि ये घोटाले अब हमें झकझोरते नहीं हैं, बल्कि किसी भी दूसरी खबर की तरह आकर चुपचाप गुजर जाते हैं। हां, कुछ लोग जरूर हो-हल्ला मचाते हैं, लेकिन देशहित में नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक फायदे की गरज से। आम आदमी को भी शायद इसलिए इनमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि कोयले की कोठरी में कालेपन से वह खुद भी अछूता कहां रहा है? इसी घोटाले में ग्राम प्रधान भी तो सबसे आगे निकल रहे हैं|

जमाना भ्रष्टाचार का है और जैसा कि बड़े-बड़े यानी पहली दुनिया के कहे जाने वाले देश करते हैं, बडे़-बड़े देशों की बड़ी-बड़ी पत्रिकाएं बडे़-बडे़ सर्वेक्षण छाप कर साबित करती हैं कि तीसरी दुनिया में भ्रष्टाचार का पैमाना काफी ऊपर है। कुल मिलाकर हम जिस समय में रह रहे हैं, वहां हमें अपने आपको समकालीन बनाए रखने के लिए भ्रष्ट साबित करना ही होगा। विकल्प दो ही हैं या तो भ्रष्ट कहलाओ या फिर बेवकूफ। आप चुन लीजिए!

विकास का रास्ता खेत खलिहान एवं गाँवो से होकर गुजरता है यह युक्ति सत्य भी है जिसको कि आधार बनाकर सरकारी एंव गैर सरकारी स्तर से कई तरह की योजनाये भी तैयार की जाती है इसी पर अमल करते हुए पंचायती राज को भी अमली जामा पहनाने की कोशिशे होती रहती है| महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोपों के चलते फिर चर्चाओं में है।

सोमवार को बलाक कमालगंज के ग्राम जिन्दापुर ग्राम पंचायत अहिमलापुर की जनता द्वारा चुनी गयीं नव निर्वाचित प्रधान राजेश्वरी देवी अपने भूतपूर्व प्रधान की राह पर चल रही हैं| इसी के चलते दर्जनों ग्रामीणों ने प्रधान के खिलाफ शिकायती पत्र जिलाधिकारी को देने कलेक्ट्रेट पहुंचे| हाल वही अब पछताए होत क्या जब चिड़िया चुन गयी खेत|

प्रधान राजेश्वरी देवी के कारनामे सुनकर बड़े से बड़े भ्रष्ट लोग शर्मा जायेंगें| प्रधान द्वारा अनगिनत कारनामे जिसकी गिनती करना मुश्किल हो जाएगा| ग्रामीणों नें आरोप लगाया कि राजेश्वरी देवी निहायत  ने प्रधान कार्यकाल में अभी तक कोई भी विकास कार्य नहीं कराया|

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम में ५० जॉब कार्ड हैं जबकि जॉब कार्ड किसी भी धारक को नहीं दिया गया और तो और वृद्धा पेंशन उन लोगों की बनाई गई है जिनकी उम्र अभी ३७ वर्ष से ४० वर्ष के बीच है| बीपीएल राशन कार्ड पात्रों को न देकर उन लोगों को दिए गए जिनके पास पैसों की कोई कमी नहीं है|

ग्रामीणों के अनुसार नव निर्वाचित ग्राम प्रधान राजेश्वरी देवी भूत पूर्व प्रधान गंगा देवी के नक्से कदम पर चल रही है जिन्होंने भी कभी विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं करवाया|

प्रधान राजेश्वरी देवी के खिलाफ ब्रजराज सिंह, लाल सिंह, मान सिंह, धीरेन्द्र सिंह, राजू सिंह, राम औतार, सुदीप, राज बहादुर सिंह, सुषमा देवी, मिथिलेश कुमारी, शगुना सहित करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों शिकायती पत्र जिलाधिकारी को ज्ञापित करने कलेक्ट्रेट पहुंचे|