फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)दीपावली पर्व के चलते शहर में खरीदारों का तांता लगा रहा। पर्व के चलते सोमवार को भी बाजारों में रौनक रहेगी। दो दिन दिवाली मनाने के चलते स्थानीय लोग आराम से खरीदारी कर रहे हैं। इस बार कारोबार अच्छा रहा है। दिवाली पर शहर और देहात का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है। रंग-बिरंगी झालरों, रोशनियों और फूलों से सजे बाजारों में खरीदारों की भीड़ बनी रही।
चौक से लेकर लाल दरवाजे तक दुकानों की लंबी कतारें सज गईं। घर सजाने के लिए बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटें, चाइनीज झालरें, बल्ब, पोस्टर और धार्मिक पेंटिंग की खूब बिक्री हुई। वहीं, फूलों की
रेहड़ियों ने त्योहार की खूबसूरती को और बढ़ा दिया।
त्योहार के मौके पर उपहार व मिठाई की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों का तांता लगा रहा। रेलवे रोड व सर्विस लेन पर लगी मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। दुकानों पर 300 से 1000 रुपये तक की गिफ्ट थालियां उपलब्ध थीं, जिनमें काजू, बादाम, किशमिश, अखरोट व पिस्ता से
सजे ड्राई फ्रूट पैक शामिल थे। बिना खोवा वाली मिठाइयां, फ्रूट जूस, चॉकलेट और नमकीन की भी खूब बिक्री हुई। कुछ लोगों ने उपहार के रूप में चांदी के श्री लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाएं, कंबल और चादरें खरीदीं। रेलवे रोड़ स्थित पहनावा घर के मालिक हेमंत पाण्डेय ने बताया कि ग्राहक जमकर खरीददारी कर रहें हैं| यात्रियों की भीड़ से बस स्टैंड पर अफरा-तफरी
त्योहार की छुट्टियां शुरू होते ही घर जाने वालों की भीड़ ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मचा दी। कई बसें ओवरलोड होकर चलीं तो कुछ निजी वाहनों में यात्रियों ने छतों पर बैठकर सफर किया।
बसों और तिपहिया वाहनों में सवारियों की ठसाठस भीड़ रही। पुलिस और परिवहन विभाग के प्रयासों के बावजूद शहर के कई इलाकों में जाम के हालात बने रहे। दीपावली पूजन के लिए फूलों की मांग सबसे
अधिक रही। शहर के विभिन्न इलाकों में फूलों की रेहड़ियां सजी रहीं। दुकानदारों ने गेंदे, गुलाब और कमल के फूलों से विशेष मालाएं व लड़ियां तैयार कीं। मंदिरों और घरों की सजावट के लिए खुले फूलों की जमकर बिक्री हुई।

दीपावली की रौनक, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़




