भाजपा में सक्रिय सदस्यता को अब 50 सदस्य बनाने का लक्ष्य

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के आवास विकास स्थित बीजेपी के जिला कार्यालय पर सदस्यता अभियान को लेकर जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे जी की उपस्थिति में जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक की|

जिला संगठन प्रभारी ने तीसरे चरण के सदस्यता अभियान को आरंभ करने के दिशा निर्देश दिये | उन्होंने बताया कि 2 सितंबर से शुरू हुआ भाजपा का सदस्यता अभियान का दूसरा चरण 15 अक्टूबर को समाप्त होगा। तीसरे चरण में सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा यह अभियान 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक चलेगा| इस अभियान में सक्रिय सदस्य बनने के लिए कार्यकर्ता पार्टी द्वारा प्राप्त सक्रिय सदस्यता फॉर्म को भरकर संगठन को उपलब्ध कराएंगे क्षेत्रीय व प्रदेश नेतृत्व द्वारा सक्रिय सदस्यता फॉर्म का सत्यापन किया जाएगा इसके उपरांत जिस कार्यकर्ता के 50 सदस्य सत्यापित हो जाएंगे वह सक्रिय सदस्य माना जाएगा| इसके लिए उसे सक्रिय सदस्यता क्रमांक भी दिया जाएगा। जब अभियान का आरंभ हुआ था तब प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 सदस्य बने थे लेकिन पार्टी ने अब इस संख्या को घटाकर 50 कर दिया है|

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया सक्रिय सदस्यता अभियान में सक्रिय सदस्यों को सत्यापित करने के लिए संगठन ने इटावा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज शुक्ला एवं कायमगंज के पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक को अधिकारी नियुक्त किया है। जिस कार्यकर्ता के 50 सदस्य सत्यापित हो जाएंगे वह कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य माना जाएगा| 5 नवंबर तक पार्टी के सभी सक्रिय सदस्यों की सूची जिला मुख्यालय पर चस्पा कर दी जाएगी। संचालन जिला महामंत्री डीएस राठौर ने किया। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक, जिला महामंत्री सुनील रावत, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मंत्री जय गंगवार, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, मंडल अध्यक्ष विकास पांडेय, मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, शिवांग रस्तोगी, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी आदि रहे।