सुबह से ही सूरज ने तरेरी आंखें, गर्मी ने किया बेहाल

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया हे। लू की चपेट में आकर जहां लोग अस्पताल पहुंच रहे है वहीं, दिन भर बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। तपिश का कहर लगातार बढ़ने से आम जनमानस बेहाल है। लू व उमस के बीच लोगों का हाल बेहाल रहा। वहीं दूसरी तरफ रात में गर्म हवा चलने से लोगों को भीषण गर्मी का अहसास हुआ। कूलर से लेकर एसी तक की हवा भी लोगों को राहत न दे सकी। सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किए रखा। लोग घर से बाहर नहीं निकले। सड़कों पर भी सन्नाटा देखा गया। वहीं कई कामकाजी महिलाएं व पढ़ने वाली छात्राएं चेहरे को दुपट्टे से ढककर व छतरी की छांव में जाते दिखे। मजदूर तबके के लोगों का भी बुरा हाल है। दो वक्त की रोटी के जुगाड़ में उन्हें इस कड़ी धूप में पसीना बहाना पड़ रहा है। तिराहों, चौराहों पर खड़ी ट्राफिक पुलिस भी भीषण गर्मी में बेहाल नजर आई। कई पुलिस कर्मी बार-बार पानी पीते नजर आए। पिछले कई दिनों से सूरज की किरणों के धरती पर आते ही तन मन विचलित हो जा रहा है। ज्यों-ज्यों दिन चढ़ता जा रहा है। गर्मी को सहन करना मुश्किल हो रहा है। रविवार को स्थिति और भी विषम हो गई। दोपहर में लू के थपेड़ों ने सभी को बेहाल कर दिया। सूर्य की किरणों से बचाव को लोग छाता लेकर निकले। वहीं लू के कारण हर कोई मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आया। चिलचिलाती धूप से न केवल पैदल चलने वालों बल्कि बाइक सवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कृषि कार्य प्रभावित। तेज गर्मी व धूप का असर गेहूं की कटाई पर भी देखा जा रहा है। साधन संपन्न किसान तो हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई कर ले रहे हैं। पर हाथों से कटाई करने वाले किसानों के कार्य की गति भीषण गर्मी ने सुस्त कर दी है। किसान सूर्योदय के पूर्व ही कटाई करना मुनासिब समझ रहे हैं क्योंकि धूप निकलने के बाद कार्य करना मुश्किल हो जा रहा है।