बीजेपी नें लोकसभा चुनाव कार्यालय का किया शुभारम्भ

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)  लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा सक्रिय हो गई है।मंगलवार को भाजपा नें लोकसभा क्षेत्रों में अपना चुनाव कार्यालय भी खोल दिया। जिससे बीजेपी की भी चुनावी चर्चा तेज है| अब लोगों को बीजेपी के प्रत्याशी की घोषणा होनें का इंतजार है|

शहर के आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गांव चलो अभियान की जिला कार्यशाला एवं लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर पूरे विधि विधान हवन पूजन एवं मंत्रोचार के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा पार्टी का संगठन 24 घंटे कार्य करने वाला संगठन है| आचार संहिता लगने से पूर्व ही भाजपा ने चुनावी तैयारी के लिए चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया है| भाजपा विचारधारा पर आधारित राजनीतिक दल है| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा पीएम मोदी ने दलित, शोषित, वंचित, पिछड़े, महिला और गरीब वर्ग के लिए कार्य किया है। शाहजहांपुर की महापौर अर्चना वर्मा ने कहा एक समय था जब महिला को अपने घर से निकलने में सोचना पड़ता था लेकिन केंद्र व प्रदेश में सरकार बनने के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मजबूत कानून बने| योगी सरकार ने महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही है।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा देश में पहली बार किसी एक सरकार के प्रति जनता को विश्वास हुआ है| लोकसभा प्रभारी अजय धाकरे ने कहा लोकसभा का पूरा चुनाव केंद्रीय चुनाव कार्यालय से संचालित होगा| जहां से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी दी जाएगी।
भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा नरेंद्र मोदी समय-समय पर युवाओं से संवाद करते हैं। आज का भारत युवा भारत है। नरेंद्र मोदी के साथ युवाओं की ताकत जुड़ी हुई है। दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह लोकसभा संयोजक दिनेश कटियार ने विचार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता आदि रहे |
गांव चलो अभियान जिला कार्यशाला
भाजपा जिला कार्यालय के सभागार में जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की अध्यक्षता में आगामी अभियान गांव चलो की जिला कार्यशाला आयोजित हुई| जिसमें जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने विस्तार से इस अभियान की जानकारी दी|
भाजपा जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा की आगामी लोकसभा चुनाव में 50% से अधिक मत प्राप्त करने के लिए हर वर्ग का समर्थन आवश्यक है। विरोधी दलों को परास्त करने के लिए 50% से अधिक मत आवश्यक होंगे। भाजपा लगातार अपने सभी संकल्प पत्रों के संकल्प को पूरा करती जा रही है| 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दिन आयोजित हुए कार्यक्रमों से पूरे देश में उत्साह का माहौल है|
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया चुनाव की तारीखों के ऐलान से पूर्व संगठन ने गांव चलो अभियान चलने का निर्देश दिया है| इसके लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी गांव- गांव पहुंचेगा। जिला स्तर पर इस अभियान के लिए एक संयोजक एवं दो सहसंयोजक नियुक्त किए हैं| मंडल स्तर पर एक संयोजक और एक सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर टोली बनाई जाएगी| गांव चलो अभियान के लिए जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता को जिला संयोजक एवं रश्मि दुबे व वीरेंद्र कठेरिया को सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इस अभियान के लिए 2 फरवरी तक सभी औपचारिकता को पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कार्यशाला का संचालन जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया ने किया| जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री फतेहचंद वर्मा, जिला महामंत्री डीएस राठौर, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष बीके गंगवार, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, धीरेंद्र वर्मा, धर्मेंद्र राजपूत शिवांग रस्तोगी आदि रहे।