उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस आज,पीएम मोदी से लेकर राष्ट्रपति ने दी बधाई

LUCKNOW UP NEWS सामाजिक

लखनऊ: 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश अपना स्थापना दिवस मना रहा है। आज के ही दिन उत्तर प्रदेश की नींव साल 1902 में यूनाइटेड प्रॉविंस ऑफ आगरा एंड अवध के रूप में पड़ गई थी। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य और राजनीतिक रूप से अहम रसूख रखता है।यूपी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई दी है। स्थापना दिवस पर बधाई के लिए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी का शुक्रिया अदा किया।

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।पीएम मोदी एक्स पर लिखा कि अध्यात्म, ज्ञान और शिक्षा की तपोभूमि उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं। बीते सात वर्षों में प्रदेश ने प्रगति की एक नई गाथा लिखी है, जिसमें राज्य सरकार के साथ जनता-जनार्दन ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत की संकल्प यात्रा में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि अधिक आबादी वाला यह राज्य भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मैं उत्तर प्रदेश के कौशलयुक्त, परिश्रमी और निष्ठावान लोगों के सुख-समृद्धि की मंगल कामना करती हूं। मुझे विश्वास है कि यह राज्य और यहां के निवासी सदा विकास के पथ पर अग्रसर रहेंगे।

स्थापना दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रदेशवासियों को भी बधाई दी। उन्होंने लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ पर प्रदेश के सभी भाइयों एवं बहनों को ढेरों शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की पावन धरती, यह प्रदेश असीम संभावनाओं और ऊर्जा से भरा हुआ है। हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ चुका है। हमारा यह प्रदेश और अधिक विकसित, समृद्ध और खुशहाल हो, यही मैं कामना करता हूँ।

गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के बहनों-भाइयों को प्रदेश के ‘स्थापना दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक इतिहास की भूमि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला के विराजमान होने से प्रदेश सहित समूचे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। प्रभु श्री राम से प्रदेश के चहुँमुखी विकास और प्रदेशवासियों की उन्नति की कामना करता हूँ।